पौड़ी में 7,799 राशन कार्ड निरस्त, 31 हजार से अधिक यूनिटें समाप्त
सत्यापन अभियान में अपात्र, मृतक और स्थानांतरित लाभार्थियों पर कार्रवाई, कोटद्वार में सबसे ज्यादा कार्ड रद्द

पौड़ी। जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलेभर में अब तक 7,799 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं। इन कार्डों से संबद्ध 31,268 यूनिटों को भी समाप्त कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान अपात्र, मृतक, स्थानांतरित तथा अन्य श्रेणियों के लाभार्थियों को चिन्हित कर सूची से बाहर किया गया है।
यह खबर भी पढ़े.
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में राशन कार्डों का सत्यापन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना और फर्जी अथवा अपात्र कार्डधारकों को सूची से हटाना है।
यह खबर भी पढ़े.
NEET में सफलता न मिलने से निराश युवती की मौत, कमरे से मिला सुसाइड नोट
उन्होंने बताया कि सत्यापन के दौरान अंत्योदय अन्न योजना के 609 राशन कार्ड और उनसे संबद्ध 2,038 यूनिटें निरस्त की गई हैं। वहीं प्राथमिक परिवार श्रेणी के 3,997 राशन कार्ड एवं 18,110 यूनिटों को समाप्त किया गया है। इसके अलावा राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत 3,193 राशन कार्ड और 11,120 यूनिटों को भी निरस्त किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार कुल मिलाकर जिले में 7,799 राशन कार्ड और उनसे जुड़ी 31,268 यूनिटें समाप्त की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और पात्रता मानकों को पूरा नहीं करने वाले लाभार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर भी पढ़े.
ऐतिहासिक और चमत्कारिक रहा इस वर्ष का कैंची धाम मेला
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए, जिनमें लाभार्थी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके थे, कुछ कार्डधारकों का निधन हो चुका था, जबकि कई लोग योजनाओं की पात्रता शर्तों को पूरा नहीं कर रहे थे। ऐसे सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, कोटद्वार क्षेत्र में सबसे अधिक राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं, जहां सत्यापन अभियान के दौरान बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों की पहचान हुई। प्रशासन का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक ही सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।






