बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में 358 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

रामगढ़ /भवाली सूचना 13 जुलाई 2026 सेवा सुशासन एवं समर्पण-सेवा पखवाड़ा विकास खण्ड रामगढ के रामलीला मैदान गोमतीगैर सूपी में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में कुल 358 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान 27 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुर्वेद विभाग ने तथा होम्योपैथी विभाग ने लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा का उद्देश्य आमजन को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर जनता की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित, पारदर्शिता के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, खण्ड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल के साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र की जनता उपस्थित रही।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page