17 सितंबर से नैनीताल जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनभागीदारी से योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

भीमताल, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘विकसित उत्तराखंड@2047’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नैनीताल जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सरकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। शासन ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को जनपद का नोडल अधिकारी नामित किया है।
11 प्रमुख कार्यक्रमों से जुड़ेगा आम जन
अभियान के अंतर्गत जनपद में 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, अभिभावकों, लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
वृक्षारोपण, स्वच्छता, शिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों के साथ विभिन्न समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि अभियान केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि आम नागरिक विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनें।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर
‘सेवा सेतु’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में सहयोग किया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर और बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। विशेष ध्यान उन पात्र नागरिकों पर रहेगा, जो किसी कारण से अब तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं।
लाभार्थियों की सफलता की कहानियां आएंगी सामने
अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को भी सामने लाया जाएगा। इसके साथ सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों और जनहितकारी पहलों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत@2047 के साथ विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने में सरकार और समाज दोनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देने और योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।







