हल्द्वानी में नीली बत्ती का रौब झाड़ रहा फर्जी IB अफसर गिरफ्तार: कार से फर्जी ID, एयरगन और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग अभियान ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। खुद को खुफिया विभाग (I.B.) का अधिकारी बताकर नीली-लाल बत्ती लगी कार में रौब दिखाकर घूम रहे एक युवक को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

तिकोनिया चौराहे पर खुली पोल

घटना दिनांक 12.09.2026 की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के लिए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाल विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग कर रही थी।

तभी काठगोदाम की ओर से आ रही एक हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 पर पुलिस की नजर पड़ी। कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा था। पुलिस ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की तो उसने खुद को I.B. Officer बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया।

चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर (उ.प्र.) बताया। जब पुलिस ने उसकी तैनाती और पद से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह सकपका गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

डैशबोर्ड से निकला फर्जीवाड़े का पूरा सामान

शक होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से सारा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। पुलिस को कार से-

फर्जी I.B. का आईडी कार्ड
इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात
रौब दिखाने के लिए रखी गई पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन
नीली बत्ती लगी कार और भारत सरकार का बोर्ड बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि लोगों पर रौब जमाने के लिए उसने फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे और एयरगन रखी थी।

इस मामले में थाना कोतवाली हल्द्वानी में मु0 FIR संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है तथा उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे – चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव उ0नि0 कृपाल सिंह, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा।

नैनीताल पुलिस ने दिया कड़ा संदेश – फर्जी पहचान बनाकर सरकारी पद का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page