हल्द्वानी में “ऑपरेशन प्रहार” : छात्र संघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग पर SSP नैनीताल की सख्त कार्रवाई, 2 मुकदमे दर्ज, 20 वाहन सीज, 9 गिरफ्तार

हल्द्वानी। आगामी छात्र संघ चुनाव के प्रचार के दौरान शहर में बढ़ रही हुड़दंग और अराजकता पर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देश पर शुक्रवार देर रात 11:00 बजे से 02:00 बजे तक हल्द्वानी क्षेत्र में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वृहद चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस को सूचना मिल रही थी कि छात्र संघ चुनाव के प्रत्याशी बिना अनुमति के दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़े-बड़े पोस्टर-होल्डिंग लगा रहे हैं। वाहनों पर सवार होकर जिग-जैग तरीके से वाहन चलाते हुए हुड़दंग, राहगीरों से गाली-गलौज, फड़-फेरी और रेहड़ी वालों के साथ मारपीट और राष्ट्रीय राजमार्ग को घेरकर आमजन व इमरजेंसी वाहनों का आवागमन बाधित किया जा रहा है। साथ ही लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का भी खुला उल्लंघन हो रहा था।
इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय मेहता के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोतवाली हल्द्वानी में दिनांक 12.09.2026 को दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं –
1. FIR No. 313/26 धारा 115(2)/125/126(2)/19(2)/352 BNS बनाम मुकेश पाण्डे व 18 अन्य
2. FIR No. 314/26 धारा 2/3 उत्तराखण्ड सार्वजनिक सम्पत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2003 बनाम अमन चन्द्र व 7 अन्य
अभियान के दौरान –
नशे में वाहन चलाने वाले 04 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें लवराज (24) निवासी दमुवाढूंगा, दीपक पाण्डे (30) निवासी लालकुआं, हिमांशु कुमार (24) निवासी तीनपानी और आशीष पाण्डे (36) निवासी ऊंचापुल शामिल हैं।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 वाहनों को सीज किया गया।
अनावश्यक घूमकर हुड़दंग करने वाले 05 व्यक्तियों को धारा 172 BNSS के तहत गिरफ्तार किया गया।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा, सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, यातायात व्यवस्था में व्यवधान अथवा आमजन के साथ अभद्रता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







