हल्द्वानी में अवैध पोस्टरबाजी पर पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, छात्र संघ चुनाव के पोस्टर हटाए

हल्द्वानी, नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 12 सितंबर 2026 को एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक संपत्तियों, विद्युत पोल, दीवारों आदि पर बिना अनुमति के अवैध रूप से लगाए गए छात्र संघ चुनाव से संबंधित पोस्टरों और प्रचार सामग्री को हटाया गया और संबंधित स्थलों की सफाई कराई गई।

इस दौरान टीम ने छात्र संघ चुनाव के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को सख्त हिदायत दी कि बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, बैनर या किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री न लगाएं।

पुलिस एवं नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सार्वजनिक संपत्तियों को पोस्टर-बैनर लगाकर विरूपित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से पोस्टर/बैनर न लगाएं और शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page