सीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले नैनीताल पुलिस की सुरक्षा तैयारियां पुख्ता, वीवीआईपी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन के निर्देश

नैनीताल माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित काठगोदाम-नैनीताल भ्रमण के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के आदेशानुसार एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र द्वारा मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को उनके ड्यूटी दायित्वों, सुरक्षा प्रोटोकॉल, रूट सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन व्यवस्था एवं आपसी समन्वय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी क्राइम/ट्रैफिक ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री के आवागमन वाले रूट एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था एवं सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और पूर्ण मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करेंगे।

यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं निर्बाध बनाए रखने हेतु निर्धारित डायवर्जन प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल, आवागमन मार्ग एवं आसपास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग में ड्यूटी प्वाइंटों के मध्य वायरलेस संचार एवं आपसी समन्वय मजबूत रखने, महत्वपूर्ण सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, आकस्मिक परिस्थिति या भीड़ नियंत्रण की स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई, आपातकालीन सेवाओं एवं वैकल्पिक मार्गों को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। ड्यूटी के दौरान सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सतर्कता, अनुशासन, संयम एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखें और आमजन एवं यात्रियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, सीएफओ नैनीताल गौरव किरार, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा सहित कोतवाली मल्लीताल, बनभूलपुरा, काठगोदाम, मुखानी, कालाढूंगी के प्रभारी निरीक्षक, निरीक्षक रेडियो, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, एफ.एस.ओ. हल्द्वानी, प्रभारी सीपीयू सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page