हल्द्वानी में छात्रों के दो गुटों में मारपीट और दुकान में तोड़फोड़, पुलिस ने 4 युवकों को दबोचा

हल्द्वानी। दिनांक 23 सितंबर 2026 की देर रात्रि दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। विवाद के दौरान अज्ञात युवकों द्वारा दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने तथा सामान लेने आए ग्राहकों और राहगीरों के साथ मारपीट की गई।
इस संबंध में वादी बिपिन चंद्र जोशी, निवासी जगदंबा नगर, भोटिया पड़ाव द्वारा तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर संख्या 327/2026, धारा 115(2), 191(1), 224(2), 333 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। फुटेज के आधार पर प्रकाश में आए चार व्यक्तियों को धारा 172 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया तथा धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
आदित्य सिंह रावत उर्फ एएस ठाकुर पुत्र गोपाल सिंह, निवासी त्रिलोक नगर, लालडांट, मुखानी, उम्र 21 वर्ष
कवि नेगी पुत्र भरत नेगी, निवासी मोती निवास, भोटिया पड़ाव, निकट चंदन हॉस्पिटल, हल्द्वानी
कार्तिक नागिला पुत्र हरिश्चंद्र नागिला, निवासी गोरापड़ाव, निकट टाटा मोटर्स, हल्द्वानी
ईशान शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा, निवासी तीनपानी, निकट मिलन बैंक्विट, शक्तिनगर, हल्द्वानी, उम्र 21 वर्ष
पुलिस टीम में शामिल रहे:
उप निरीक्षक कृपाल सिंह, चौकी भोटिया पड़ाव, कांस्टेबल विजय भारद्वाज, कांस्टेबल मुकेश सिंह और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह।







