पैनी नजर में जनपद: चुनाव के दृष्टिगत पुलिस की गश्त बढ़ी, देर रात खुली दुकानें बंद
छात्र संघ चुनाव के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर, रात्रि सघन चेकिंग जारी

नैनीताल। आगामी छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। जनपदभर में पुलिस की पैनी नजर के साथ रात्रि सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार सभी थाना और चौकी प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं चेकिंग कर रहे हैं। संवेदनशील स्थानों, छात्र बाहुल्य क्षेत्रों, हॉस्टल, कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रात्रि के समय पुलिस टीमों द्वारा वाहनों की चेकिंग के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।
अभियान के दौरान निर्धारित समय के बाद खुली दुकानों को बंद कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वालों और अराजकता फैलाने की आशंका वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि चुनावी माहौल में किसी प्रकार की अशांति न फैले।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन, विशेषकर छात्र संगठनों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।








