रामनगर: बार-बार फर्जी ID बनाकर महिला को कर रहा था परेशान, साइबर सेल की मदद से आरोपी गिरफ्तार

रामनगर। इंस्टाग्राम पर बार-बार फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता की फोटो पर अश्लील एवं आपत्तिजनक कमेंट करने वाले अभियुक्त को कोतवाली रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वादी अरुण कुमार द्वारा कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर बार-बार फर्जी आईडी बनाई जा रही है तथा उनकी पत्नी की फोटो लगाकर उस पर अश्लील कमेंट किए जा रहे हैं।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को परेशान करने व साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में कोतवाली रामनगर पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने गहन जांच की।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर विश्लेषण के माध्यम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर जितेंद्र सैनी पुत्र श्याम लाल, निवासी पूछड़ी, थाना रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रामनगर में FIR No. 284/2026 धारा 79 BNS एवं 67A, 66D IT Act के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी जांच में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page