नैनीताल पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

नैनीताल, 21 अक्टूबर 2026 – कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीरों को नैनीताल पुलिस ने नमन किया। रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल परिसर में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर एक गरिमामयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर बताया गया कि दिनांक 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक संपूर्ण देश में कर्तव्य निर्वहन के दौरान कुल 154 पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के अधिकारी / कर्मचारी वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उत्तराखण्ड पुलिस से ड्यूटी के दौरान शहीद हुए उपनिरीक्षक स्व. श्री विनोद कुमार, जनपद टिहरी गढ़वाल के बलिदान और साहसिक कार्य को सभी के समक्ष पढ़कर सुनाया गया और उनके बलिदान को याद किया गया।
इसके पश्चात आईजी कुमाऊं, एसएसपी नैनीताल समेत उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सुसज्जित सलामी गार्ड द्वारा शोक शस्त्र की कार्यवाही कर शोक सलामी दी गई।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी / नगर हल्द्वानी श्री हरबंस सिंह, एसपी संचार श्री रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी, सीओ रामनगर श्री रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल श्री गौरव किरार, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन श्री हरकेश सिंह सहित जनपद के सभी थाना / चौकी व शाखा प्रभारी एवं पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।








