बिजरानी-कालागढ़ में सोलर फेंसिंग और दीवार पर करोड़ों खर्च, मानव-वन्यजीव संघर्ष फिर भी नहीं थमा
आरटीआई खुलासा: कॉर्बेट में संघर्ष रोकने पर खर्च हुए 4 करोड़ से ज्यादा, फिर भी गईं 37 जानें

रामनगर/हल्द्वानी। जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के आसपास मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए पिछले करीब 20 वर्षों में करोड़ों रुपये खर्च किए गए, इसके बावजूद लोगों की जान जाने की घटनाएं नहीं रुकीं। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी में वन विभाग से प्राप्त दस्तावेजों से यह तस्वीर सामने आई है।

आरटीआई कार्यकर्ता हेमंत सिंह गोनिया को मिले जवाब के अनुसार, बिजरानी रेंज में संघर्ष की रोकथाम के कार्यों पर लगभग 1 करोड़ 65 लाख 1 हजार रुपये और कालागढ़ रेंज में लगभग 2 करोड़ 37 लाख 18 हजार रुपये खर्च होने का विवरण दिया गया है। दोनों रेंजों को मिलाकर यह राशि लगभग 4 करोड़ 2 लाख 19 हजार रुपये होती है।

इन कार्यों में सोलर फेंसिंग, खाई और दीवार निर्माण, सोलर फेंसिंग के नीचे पत्थर पिचिंग, फेंसिंग की मरम्मत, खंडंजा निर्माण, चेतावनी बोर्ड, गश्त, रेस्क्यू व्यवस्था और जागरूकता कार्यक्रम जैसे उपाय शामिल बताए गए हैं। कई वर्षों में कुछ मदों में खर्च शून्य भी दर्ज है, जबकि कुछ वर्षों में लाखों रुपये तक का खर्च दिखाया गया है।
दस्तावेजों के अनुसार वर्ष 2006 से 2026 के बीच मानव-वन्यजीव संघर्ष में कुल 37 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई है। इस सूची में ढेला, सरपदुली, कालागढ़, बिजरानी और ढिकाला सहित विभिन्न क्षेत्रों के मामले शामिल हैं। मृत्यु के मामलों में कुल 27 लाख 96 हजार 220 रुपये मुआवजा वितरित किए जाने का विवरण भी दिया गया है।
बिजरानी रेंज के अलग विवरण में पिछले 20 वर्षों के दौरान मवेशियों को हुई क्षति के 143 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें 18 लाख 72 हजार 200 रुपये मुआवजा दिया गया। रिकॉर्ड में इन प्रकरणों में निरस्त मामलों की संख्या शून्य दर्शाई गई है। फसल क्षति का वर्षवार ब्योरा अलग से दिया गया है। एक अन्य तालिका में 800 प्रकरणों के सापेक्ष 13 लाख 46 हजार 461 रुपये की धनराशि दर्ज है।
आरटीआई जवाब में यह भी कहा गया है कि संबंधित कार्यालय स्तर पर अभिलेखों के परीक्षण के दौरान कोई ऑडिट आपत्ति प्राप्त अथवा दर्ज नहीं हुई।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुरक्षा ढांचे पर लगातार खर्च के बाद भी जंगल से सटे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों और जंगल में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा क्यों नहीं सुनिश्चित हो पा रही है। क्या सोलर फेंसिंग, दीवार, गश्त और चेतावनी व्यवस्था संवेदनशील गांवों में प्रभावी ढंग से लागू हुई है, इसकी जमीनी समीक्षा जरूरी बताई जा रही है।
हेमंत सिंह गोनिया का कहना है कि वन्यजीवों का संरक्षण और ग्रामीणों की सुरक्षा दोनों समान रूप से जरूरी हैं। उन्होंने संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता की समीक्षा, संवेदनशील गांवों में निगरानी और त्वरित सहायता व्यवस्था मजबूत करने तथा मुआवजा प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की है।







