उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

एसएसपी श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया ब्रीफ, परीक्षा केंद्रों पर चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था।

दिनांक 29 नवम्बर 2026 (रविवार) को उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार द्वारा आयोजित की जाने वाली उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा तैयारियां की गई हैं।

इसी क्रम में श्री अर्पण यदुवंशी (आईपीएस), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशानुसार श्री हरबन्स सिंह, एसपी सिटी हल्द्वानी की अध्यक्षता में मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के सभागार में परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान सभी को उनकी ड्यूटी एवं दायित्वों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

परीक्षा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 14:00 बजे से 16:00 बजे तक निर्धारित है।

ब्रीफिंग के दौरान दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश निम्नवत हैं

▪️ प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। परीक्षा प्रारंभ होने पर आउटर कॉर्डन ड्यूटी एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।

▪️ परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग DFMD एवं HHMD के माध्यम से की जाए। महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग महिला पुलिस कर्मियों द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार की जाए।

▪️ मेटल डिटेक्टर से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हिडन कैमरा, चिप एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री की सघन चेकिंग की जाए। किसी भी अभ्यर्थी को प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति न दी जाए।

▪️ प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने एवं परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित जमा कराने के लिए पुलिस स्कॉर्ट एवं वायरलेस संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

▪️ परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू कराई जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन की अनुमति न दी जाए।

▪️ परीक्षा केंद्रों के 200 से 300 मीटर के दायरे में वाई-फाई, साइबर कैफे, फोटोकॉपी एवं प्रिंटिंग की दुकानों को परीक्षा के दिन बंद रखने तथा लाउडस्पीकर के प्रयोग पर प्रतिबंध सुनिश्चित कराया जाए।

▪️ सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए परीक्षा की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए।

▪️ एसओजी, स्थानीय अभिसूचना इकाई एवं साइबर टीम को सक्रिय रखते हुए संदिग्ध कोचिंग सेंटरों, सॉल्वर गैंग एवं पूर्व में नकल संबंधी मामलों में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

▪️ परीक्षा से पूर्व होटल, ढाबे, साइबर कैफे, होम स्टे एवं गेस्ट हाउस की चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखी जाए।

▪️ परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए।

▪️ सोशल मीडिया पर परीक्षा से संबंधित भ्रामक खबरों एवं अफवाहों की लगातार निगरानी की जाए तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

▪️ सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व प्रातः 07:00 बजे अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालना सुनिश्चित करेंगे।

▪️ परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। ड्यूटी के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देंगे।

एसपी सिटी द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।

उक्त ब्रीफिंग में श्री लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, श्री विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी लालकुआं, श्री हरकेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल, श्री व0उ0नि0 रोहिताश सागर, श्री बृजमोहन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं सहित परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page