नैनीताल के भवाली में 200 बेड के नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का रास्ता साफ जल्दी ही बनेगा

भवाली में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण का काम जल्द शुरू हो सकता है। मंजूरी मिलते ही पहाड़ के मरीजों को हल्द्वानी-देहरादून के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए 250 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था । ये पूरा मामला उच्च न्यायालय की निगरानी में चल रहा था.

परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार कर ली गई है। भूमि सर्वेक्षण में सैनिटोरियम परिसर को अस्पताल निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। अस्पताल के निर्माण से कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर दायर याचिका पर उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। सुनवाई में उच्च न्यायालय ने कहा था कि भवाली में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित किया जाए। उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद ही भवाली सैनिटोरियम को नए अस्पताल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया न्यायिक निगरानी में आगे बढ़ी कोर्ट में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि भवाली सैनिटोरियम को मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में बदलने की योजना है। इसके लिए डीपीआर तैयार कर 250 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कोर्ट में ही उन्होंने बीडी पांडे और रामसे अस्पताल की स्थिति की भी जानकारी दी।

भाजपा नेता हेम चंद्र आर्या ने कहा कि साल 2018 में उन्होंने सैनिटोरियम हॉस्पिटल के लिए आंदोलन किया था। अब 8 साल के संघर्ष के बाद वही संघर्ष पूरा हुआ है। संघर्ष के बाद अब सैनिटोरियम बनेगा मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, जहां मरीजों को मुकम्मल सुविधा मिलेगी। अब लोगों को इलाज के लिए हल्द्वानी, ऋषिकेश और दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।
नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में 200 बेड स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 120 बेड ही संचालित हो पा रहे हैं। वहीं रामसे अस्पताल में महज 10 बेड क्रियाशील हैं। बीडी पांडे अस्पताल का मौजूदा परिसर शहर के घने और संकरे हिस्से में होने के कारण बड़े स्तर पर विस्तार की चुनौती सामने आती है।
बहरहाल, उच्च न्यायालय के निर्देश, सरकार के प्रस्ताव और भाजपा नेता हेम चंद्र आर्या संघर्ष के बाद भवाली में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का रास्ता साफ हो गया है। अब सबकी नजर शासन पर है कि 250 करोड़ के इस प्रस्ताव को कब मंजूरी मिलती है।







