आपदा प्रबंधन दिवस पर वन विभाग ने परखी तैयारियां, गुलदार और सर्प रेस्क्यू की मॉक ड्रिल

मोटाहल्दू के भंडारी फार्म में तीन आपातकालीन परिस्थितियों का किया अभ्यास, पशु चिकित्सक और रेस्क्यू टीम ने दिखाया त्वरित बचाव का कौशल

हल्द्वानी। आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, बेहतर विभागीय समन्वय और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज की ओर से मोटाहल्दू स्थित भंडारी फार्म में वन्यजीव एवं सर्प रेस्क्यू मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान गुलदार के आबादी क्षेत्र में घुसने, पिंजरे में फंसने और आवासीय क्षेत्र में सांप दिखाई देने जैसी तीन अलग-अलग आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया गया।
उत्तराखंड शासन के दो नवंबर 2026 के पत्र के क्रम में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाया जाना है। इसके तहत विभिन्न विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों से संबंधित मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में वन विभाग की गौला रेंज ने यह अभ्यास किया।
गौशाला में गुलदार घुसने की सूचना पर तत्काल पहुंची टीम
मॉक ड्रिल की पहली परिस्थिति में ग्रामीणों की ओर से सूचना दी गई कि मोटाहल्दू स्थित भंडारी फार्म की गौशाला में गुलदार घुस गया है। सूचना मिलते ही गौला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी ने संबंधित पशु चिकित्सक डॉ राहुल सती और वन विभाग की रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा के दृष्टिगत क्षेत्र की घेराबंदी की। इसके बाद पशु चिकित्सक की देखरेख में निर्धारित प्रक्रिया के तहत गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू करने का अभ्यास किया गया

Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page