नैनीताल में 14 स्थानों पर आपदा मॉक ड्रिल, राहत और बचाव की तैयारियां परखी गईं

हल्द्वानी, 28 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में आपदा प्रबंधन दिवस पर शनिवार को नैनीताल जिले की विभिन्न तहसीलों में 14 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास में भूकंप, आग, सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव, रासायनिक पदार्थ के रिसाव तथा भगदड़ जैसी आपात स्थितियों का कृत्रिम परिदृश्य बनाकर राहत एवं बचाव तैयारियों को परखा गया।

बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप के झटकों और कंपन, रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने तथा हल्द्वानी के वॉक-वे मॉल में भूकंप के बाद अफरा-तफरी और अग्निकांड की स्थिति का अभ्यास किया गया। जमरानी बांध स्थल पर सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव, लालकुआं की पेपर मिल में रासायनिक पदार्थ के रिसाव तथा श्री कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ की आपात स्थिति का मॉक अभ्यास हुआ।

इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान और भवाली, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर तथा एचएन इंटर कॉलेज हल्द्वानी में भूकंप के बाद की परिस्थितियों को लेकर अभ्यास किया गया।

संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) टीमों के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए गए। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसमें भाग लिया।

अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया के साथ जरूरी संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागों के बीच समन्वय की जांच की गई। अलग-अलग स्थलों पर चल रहे अभ्यास का ऑनलाइन मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से निरीक्षण और पर्यवेक्षण भी किया गया।

मॉक ड्रिल के बाद हुई समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है। उन्होंने अभ्यास के दौरान रिस्पॉन्स टाइम को अच्छा बताते हुए कहा कि वास्तविक आपदा के समय प्रतिक्रिया और तेज होनी चाहिए, ताकि प्रभावित लोगों को तुरंत बचाव एवं राहत पहुंचाई जा सके।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में हुई समीक्षा के दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल, उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page