जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत सख्त: अनुपस्थित सफाई कर्मियों पर कार्रवाई, निजी अमीनों को दी चेतावनी

हल्द्वानी, 28 नवंबर। मुख्यमंत्री के आयुक्त एवं सचिव दीपक रावत ने शनिवार को जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं सुनीं। सफाई व्यवस्था, भूमि विवाद, मुआवजा, बीमा धनराशि, सड़क निर्माण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भुगतान सहित विभिन्न मामलों में शिकायतें आईं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

वार्डों में सफाई कर्मियों की उपस्थिति जांचने के निर्देश

कुछ वार्डों के लोगों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। इस पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित वार्ड से अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाने को भी कहा गया।

निजी अमीनों से पैमाइश कराने पर जताई नाराजगी

भूमि पैमाइश के मामले में आयुक्त ने निजी अमीनों की भूमिका पर सख्त रुख अपनाया। राधिका देवी ने शिकायत की कि एक निजी अमीन ने उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा ठीक ढंग से नहीं किया। आयुक्त ने लोगों से भूमि की पैमाइश केवल सरकारी अमीन से कराने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि निजी भूमि का सीमांकन करते पाए जाने वाले निजी अमीन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कमरे के सौदे में चार लाख रुपये लौटाने के निर्देश

दमुवांढूंगा निवासी प्रेमा देवी ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र में एक कमरा चार लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन भवन स्वामी ने न तो कमरा दिया और न ही रकम लौटाई। आयुक्त ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद समझौते के तहत विक्रेता को चार लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। विक्रेता ने तय समयसीमा में धनराशि लौटाने की बात कही।

जनसुनवाई में मुनस्यारी के लोगों ने वन पंचायत गठन, गोदावरी देवी ने धनराशि वापस दिलाने और सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह बिष्ट ने सेवायोजकों का भुगतान कराने की मांग रखी। सरस्वती कबड़वाल ने भूमि बंटवारे के दौरान तारबाड़ लगाए जाने से रोकने संबंधी शिकायत की। आयुक्त ने सभी फरियादियों की समस्याएं क्रमवार सुनीं और संबंधित मामलों में मौके पर समाधान के निर्देश दिए।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page