पौड़ी में दर्दनाक हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी ईको वैन, चालक समेत 8 की मौत, 4 घायल

पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ईको वाहन (UK 15 TA 2152) रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। वाहन में चालक समेत 13 लोग सवार थे। रिखणीखाल थाने से करीब 20 से 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और गहरी खाई में गिर गया।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार महिलाएं भंगलवाड़ गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। वे सिद्धखाल / रिखणीखाल में समूह की बैठक और अन्य काम निपटाकर गांव लौट रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एसडीएम लैंसडौन शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया।
मृतक (सभी निवासी भंगलवाड़):
अनिल देबराड़ा (48), चालक
कांति देवी (45)
रेखा देवी (42)
सुमित्रा देवी (50)
सुनीता देवी (45)
धनेश्वरी देवी (46)
सरोजनी देवी (38)
रजनी देवी (25)
घायल:
शशि देवी (35)
शकुंतला देवी (45)
जगदीश सिंह
सत्यवती देवी (36)
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








