नैनीताल पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान – वीकेंड पर कैंची धाम जाने वाले जरूर पढ़ें ये खबर

नैनीताल। आगामी 13 सितंबर को वीकेंड और 14 सितंबर को श्री गणेश चतुर्थी के अवसर पर जनपद नैनीताल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस की यातायात शाखा ने भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष यातायात / डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 13 और 14 सितंबर 2026 को प्रभावी रहेगी।
मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यातायात प्लान इस प्रकार रहेगा –
1. भारी वाहनों के लिए डायवर्जन: कैंची, भवाली व भीमताल में यातायात के अतिरिक्त दबाव को कम करने के लिए अल्मोड़ा / रानीखेत की ओर से हल्द्वानी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब व खैरना से डायवर्ट कर वाया रामगढ़ / मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा।
2. हल्द्वानी से पहाड़ जाने वाले भारी वाहन: हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन अपने निर्धारित रूट से जा सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव को देखते हुए समय-समय पर मस्जिद तिराहा भवाली से पीछे रोका जाएगा अथवा वे रामगढ़ व खुटानी मोटर मार्ग से अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
3. भीमताल रूट से आने वाले पर्यटकों के लिए: बाहरी जनपदों व राज्यों से जो पर्यटक अपने प्राइवेट वाहनों से वाया भीमताल होते हुए कैंची धाम मंदिर जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली / कैंची धाम दर्शन के लिए भेजा जाएगा।
4. नैनीताल-गेठिया रूट से आने वाले पर्यटकों के लिए: जो पर्यटक वाया गेठिया / नैनीताल होते हुए कैंची धाम जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और वहां से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
5. चार पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग: हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले चार पहिया वाहन रामगढ़ व खुटानी मोटर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चार पहिया वाहन क्वारब-नथुवाखान रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
6. टैक्सी-दुपहिया पर प्रतिबंध: अवकाश / वीकेंड के दौरान टैक्सी और दुपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस ने समस्त पर्यटकों, आमजन, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए अवकाश / वीकेंड के दौरान जारी यातायात एवं डायवर्जन प्लान का अनुसरण कर ही यात्रा करें।






