नैनीताल पुलिस ने जारी किया मां नंदा देवी महोत्सव का ट्रैफिक प्लान, आपात सेवाओं को मिलेगा प्राथमिकता कॉरिडोर

भवाली। मां नंदा देवी महोत्सव के अवसर पर 16 सितंबर को कदली वृक्ष स्थापना दिवस तथा 23 सितंबर को डोला विसर्जन/झांकी कार्यक्रम के मद्देनजर कस्बा भवाली में यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी। श्रद्धालुओं एवं आमजन की भारी भीड़ तथा वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
रामगढ़/घोड़ाखाल की ओर से आने वाले वाहन: रामगढ़/घोड़ाखाल की ओर से मैदानी जनपदों अथवा नैनीताल जाने वाले वाहनों को आवश्यकतानुसार श्यामखेत से डायवर्ट कर घोड़ाखाल मंदिर होते हुए घोड़ाखाल तिराहा से नैनी बैंड प्रथम होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इस दौरान भवाली बाजार में अनावश्यक वाहन प्रवेश नियंत्रित रहेगा तथा भारी/यात्री वाहनों का प्रवेश परिस्थितियों के अनुसार पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाएगा।
खैरना/कैंची की ओर से आने वाले वाहन: खैरना/कैंची से मैदानी जनपदों अथवा नैनीताल जाने वाले वाहनों को शिप्रा पुल भवाली से डायवर्ट कर सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। मुक्तेश्वर/भीमताल जाने वाले वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय-नैनी बैंड प्रथम मार्ग से संचालित किया जाएगा। दोनों तिथियों में भवाली बाजार क्षेत्र में भारी एवं यात्री वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, केवल स्थानीय एवं अधिकृत वाहनों को नियंत्रित तरीके से प्रवेश मिलेगा।
ज्योलीकोट/नैनीताल की ओर से आने वाले वाहन: अल्मोड़ा/रानीखेत जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग से शिप्रा पुल भवाली की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मुक्तेश्वर/भीमताल जाने वाले वाहन नैनी बैंड द्वितीय-नैनी बैंड प्रथम मार्ग से भेजे जाएंगे।
भीमताल की ओर से आने वाले वाहन: भीमताल से अल्मोड़ा/रानीखेत/कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।
आपातकालीन सेवाएं: एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस वाहन, आपदा राहत दल तथा खाद्य सामग्री/दूध जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित एवं निर्बाध कॉरिडोर उपलब्ध रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था: वाहन स्वामियों से नगरपालिका मैदान भवाली और रोडवेज पार्किंग भवाली में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन पार्क करने का अनुरोध किया गया है। मुख्य बाजार एवं आयोजन स्थल के समीप सड़क किनारे पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए पैदल आवागमन हेतु सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जाएगा तथा अत्यधिक दबाव पर यातायात को चरणबद्ध रूप से रोका/डायवर्ट किया जाएगा।
यह डायवर्जन व्यवस्था 16 सितंबर और 23 सितंबर को कार्यक्रम/भीड़ की स्थिति के अनुसार प्रभावी रहेगी। यातायात की वास्तविक स्थिति को देखते हुए प्रभारी अधिकारी आवश्यकतानुसार इसमें आंशिक संशोधन अथवा अतिरिक्त डायवर्जन लागू कर सकेंगे। पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों से डायवर्जन प्लान का कड़ाई से अनुपालन करने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।







