जीआईसी लामाचौड़ में गूंजा सुरक्षा का मंत्र, पुलिस ने छात्रों को सिखाया DIAL-112 और SOS का जीवन रक्षक उपयोग

हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पुलिस संचार शाखा ने आज राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ में ‘डायल 112’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण एवं निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संचार शाखा की एएसआई शांति नैनवाल और एलसी रश्मि शाहू ने छात्र-छात्राओं को आपातकालीन सेवा डायल 112 के महत्व और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया।

टीम ने बताया कि सड़क दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी, महिला एवं बाल सुरक्षा या किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत 112 पर देकर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्मार्टफोन के ‘एसओएस (SOS) फीचर’ की लाइव डेमो रहा। पुलिस टीम ने बच्चों को प्रैक्टिकल करके दिखाया कि कैसे पावर बटन को लगातार दबाकर एसओएस एक्टिवेट किया जाता है, जिससे संकट के समय बिना नंबर डायल किए ही पुलिस और परिजनों तक लोकेशन के साथ अलर्ट पहुंच जाता है।

इस दौरान छात्रों को यह भी बताया गया कि 112 और एसओएस जैसी सुविधाओं का उपयोग केवल वास्तविक संकट में ही करना चाहिए, ताकि फर्जी कॉल से बचा जा सके और जरूरतमंद को समय पर मदद मिल सके।

जागरूकता सत्र में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पुलिस टीम से सवाल-जवाब भी किए। विद्यालय प्रबंधन ने नैनीताल पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की अपील की।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page