जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव में रा.जू.हा. विजयपुर की शानदार ‘हैट्रिक’, डॉ. श्वेता मजगाँई के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में दो छात्रों ने मारी बाजी

एम.बी. इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में शुक्रवार को आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव में राजकीय जूनियर हाईस्कूल विजयपुर (ब्लॉक कोटाबाग) के होनहार छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जीत की शानदार हैट्रिक लगाई है। विज्ञान शिक्षिका डॉ. श्वेता मजगाँई के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्रों ने लगातार तीसरे वर्ष दो अलग-अलग वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र विकास मेहता ने ‘स्वच्छता एवं स्वास्थ्य’ वर्ग में तथा शंकर ने ‘वर्तमान जीवन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)’ वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस शानदार सफलता के साथ ही दोनों छात्रों का चयन आगामी राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव के लिए हो गया है।

अपनी टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मार्गदर्शक शिक्षिका डॉ. श्वेता मजगाँई ने बताया कि छात्रों की कड़ी मेहनत और वैज्ञानिक सोच के दम पर विद्यालय ने लगातार तीसरी बार दो श्रेणियों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर इस वर्ष को ‘हैट्रिक वर्ष’ के रूप में दर्ज किया है।
छात्रों की इस गौरवपूर्ण सफलता पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुलवंत सिंह बजवाल, शिक्षिका रेनू ढौंडियाल एवं आनंदी असवाल ने दोनों विजेता छात्रों और मार्गदर्शक शिक्षिका डॉ. श्वेता मजगाँई का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।







