जनता की समस्याओं पर सांसद अजय भट्ट का त्वरित एक्शन, अधिकारियों को फोन पर दिए समाधान के निर्देश
हल्द्वानी स्थित आवास पर जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से की मुलाकात, विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से लिया संज्ञान

हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने सोमवार को हल्द्वानी के बच्ची नगर स्थित अपने आवास पर क्षेत्र से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे सांसद के समक्ष रखे।
सांसद अजय भट्ट ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर सीधे वार्ता की और जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सड़क, मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर नागरिकों ने अपनी बात रखी। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता: अजय भट्ट
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच निरंतर संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाता है। क्षेत्रवासियों द्वारा सामने लाई जा रही समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
सांसद से मुलाकात के दौरान मौजूद लोगों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और अधिकारियों को मौके से ही आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
— मानस दर्पण न्यूज़ पोर्टल







