आयुष्मान कार्डधारकों को इलाज में परेशानी हो तो सीधे सीएमओ से करें संपर्क

सूचीबद्ध और गैर-सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपचार के दौरान समस्या आने पर स्वास्थ्य विभाग करेगा कार्रवाई

नैनीताल, 11 सितंबर 2026। आयुष्मान कार्डधारकों को योजना के तहत उपचार प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने लाभार्थियों से सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने जनपद में आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर लाभार्थी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दें।

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अथवा गैर-सूचीबद्ध निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान परेशानी होने पर भी लाभार्थी मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायत का स्वास्थ्य विभाग द्वारा संज्ञान लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध प्रमुख निजी अस्पताल

जनपद में विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के लिए सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में आई विजन प्राइवेट लिमिटेड, बॉम्बे हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, वेदांता नेत्रालय, रही केयर प्राइवेट लिमिटेड, बृजेश अस्पताल, बृजलाल अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर, बाबा नीम करोली मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर, साई अस्पताल, आदर्श इंस्टीट्यूट ऑफ यूरोलॉजी एंड लेप्रोस्कोपी, उजाला सिग्नस सेंट्रल अस्पताल, सुभानु आई अस्पताल, अनाअर्जुन मेटरनिटी एंड रिसर्च सेंटर, द ब्राइट अस्पताल, नीलकंठ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, एसके गुप्ता नर्सिंग होम एंड अस्पताल, स्टार हॉस्पिटल मैटरनिटी एंड लेप्रोस्कॉपी सेंटर, संजीवनी अस्पताल, अग्रवाल क्लिनिक एंड नर्सिंग होम, डॉ. यतींद्र मोहन बहुगुणा, ज्योति नेत्रालय, चंदन अस्पताल, बजाज सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तथा दृष्टि सेंटर फॉर एडवांस्ड आई केयर शामिल हैं।

इन अस्पतालों में नेत्र चिकित्सा, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑन्कोलॉजी, बाल चिकित्सा, आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं।

लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदेश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि आयुष्मान कार्डधारकों को योजना के अंतर्गत उपचार पाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में उपचार के दौरान योजना से संबंधित समस्या, उपचार में अड़चन या अन्य परेशानी सामने आने पर लाभार्थी तत्काल सीएमओ से संपर्क कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी समस्या को लेकर चुप न रहें और समय पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि मामले का त्वरित संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी लाभार्थियों की सुविधा के लिए साझा की गई है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page