सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ सेवा पखवाड़ा का दूसरा दिन खेलों को समर्पित

'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के अंतर्गत मैराथन, साइकिलिंग एवं शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन, खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

हल्द्वानी, 05 जुलाई 2026, राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” संकल्प तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी एवं इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गोलापार में खेल एवं युवा कल्याण पर केंद्रित विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट द्वारा जिला स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प की पूर्ति में खेल, शिक्षा, कृषि, नवाचार तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी से मैराथन, साइकिलिंग एवं मंडल स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। साइकिलिंग एवं मैराथन प्रतियोगिता वियरशिवा स्कूल, निर्मला कॉन्वेंट स्कूल, नरीमन चौराहा होते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गोलापार में सम्पन्न हुई। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग में भरत ने प्रथम तथा चैतन्य पंत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अंशिका प्रथम, कनिका द्वितीय तथा निशा तृतीय स्थान पर रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा युवाओं एवं खिलाड़ियों को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, खेल प्रोत्साहन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया गया।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत लोक सांस्कृतिक कला समिति, हल्द्वानी द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। जिला सूचना विभाग द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रचार साहित्य एवं कैलेंडर का भी वितरण किया गया।

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं तहसील मुख्यालयों में विषयवार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ-साथ जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page