सरियाताल में झील में गिरी पर्यटकों की कार, बाल-बाल बचे दो युवक

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के समीप स्थित सरियाताल में मंगलवार शाम एक सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर झील में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो पर्यटक बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि घटना के समय झील किनारे कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी आलम और उमेद सेंट्रो कार (यूपी 21-सीसी-5213) से नैनीताल घूमने आए थे। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों कालाढूंगी मार्ग से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सरियाताल के पास एक मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे झील में जा गिरी और किनारे बने दलदल में फंसकर रुक गई।
कार चालक आलम ने बताया कि मोड़ के पास अचानक ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। कार झील में गिरते ही दोनों किसी तरह बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना के बाद आसपास के लोगों में हलचल मच गई। हालांकि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कार को झील से बाहर निकालने के लिए हल्द्वानी से क्रेन बुलाई गई है।
उल्लेखनीय है कि सरियाताल क्षेत्र प्रमुख पिकनिक स्पॉट के रूप में प्रसिद्ध है। यहां नौकायन के साथ विभिन्न एडवेंचर गतिविधियां भी संचालित की जाती हैं। ऐसे में घटना के समय वहां लोगों की मौजूदगी न होना राहत की बात रही।







