मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश: 15 अक्टूबर तक दुरुस्त होंगी नैनीताल जनपद की सभी क्षतिग्रस्त सड़कें

बरसात से प्रभावित सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश, जिलाधिकारी स्तर से होगी नियमित मॉनिटरिंग

नैनीताल, 14 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 15 अक्टूबर तक सभी क्षतिग्रस्त एवं निर्माणाधीन सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए और जिलाधिकारी स्तर से कार्यों का निरंतर अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री द्वारा 10 अगस्त को आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, एनएचएआई तथा नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त एवं निर्माणाधीन सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि बरसात के कारण खराब हुई सड़कों की मरम्मत तथा निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए और 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को अनिवार्य रूप से पूर्ण रूप से दुरुस्त करना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क से संबंधित कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की *निरंतर मॉनिटरिंग* की जाएगी, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्धारित समय-सीमा में सड़कें पूरी तरह दुरुस्त की जा सकें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page