जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सेवा पखवाड़ा अभियान जारी
उप प्रधान निर्वाचन के दृष्टिगत ओखलकांडा एवं बेतालघाट के कार्यक्रमों की तिथियों में आंशिक संशोधन, अन्य सभी विकासखंडों में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार होंगे आयोजित

नैनीताल, दिनांक 11 जुलाई 2026 प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद नैनीताल में संचालित “सेवा पखवाड़ा” अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में उप प्रधान निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशानुसार विकासखंड ओखलकांडा एवं बेतालघाट में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तिथियों में आंशिक संशोधन किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पूर्व में 14 जुलाई, 2026 को विकासखंड ओखलकांडा में प्रस्तावित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम अब *20 जुलाई, 2026* को आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार 15 जुलाई, 2026 को लोहाली, विकासखंड बेतालघाट में प्रस्तावित कार्यक्रम अब *21 जुलाई, 2026* को आयोजित होगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित सभी विभागों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे संशोधित तिथियों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करें, ताकि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ओखलकांडा एवं बेतालघाट के कार्यक्रमों की तिथियों में किए गए इस आंशिक संशोधन के अतिरिक्त जनपद के अन्य सभी विकासखंडों में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार यथावत आयोजित किए जाएंगे।
सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सेवाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।





