कांग्रेस में संजीव आर्य का बढ़ा कद, राष्ट्रीय सचिव बनाए गए; उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी की मिली जिम्मेदारी

देहरादून। कांग्रेस नेतृत्व ने उत्तराखंड के वरिष्ठ युवा नेता और नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी भी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन में हुए इस अहम फैसले को कांग्रेस की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संजीव आर्य पर भरोसा जताते हुए उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। लंबे समय से संगठन और चुनावी राजनीति में सक्रिय संजीव आर्य को युवा और ऊर्जावान नेताओं में गिना जाता है। उत्तराखंड की राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका के साथ-साथ संगठन के लिए लगातार किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व दिया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिलना कांग्रेस नेतृत्व के उनके प्रति विश्वास को दर्शाता है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दे रही है।
कांग्रेस के भीतर संजीव आर्य को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के करीबी एवं भरोसेमंद नेताओं में भी माना जाता है। यही वजह है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर संगठन में उनकी भूमिका को और व्यापक बनाया गया है।
संजीव आर्य की नियुक्ति के बाद उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ कांग्रेस को आगामी चुनावों में मिलेगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page