फैक्ट्री की थकान या सिस्टम की बेरुखी? ड्यूटी खत्म होते ही सड़क पर गिरी 21 वर्षीय युवती, मौत के बाद मदरसन कंपनी पर उठे सवाल

नैनीताल मोटाहल्दू  लालकुआं। उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी के बीच निजी कंपनियों में काम कर रहे युवाओं की स्थिति कितनी दयनीय हो चुकी है, इसका दर्दनाक उदाहरण शनिवार को मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में देखने को मिला। घंटों खड़े होकर काम करने वाली 21 वर्षीय युवती ड्यूटी खत्म होने के कुछ ही मिनट बाद सड़क पर गिर पड़ी और अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी में हड़कंप मच गया, जबकि कर्मचारियों के बीच काम के दबाव और खराब परिस्थितियों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मृतका की पहचान ईसाई नगर नंबर-1, लामाचौड़ हल्द्वानी निवासी रिमझिम पुत्री मनोहर लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शनिवार को ए शिफ्ट में काम कर रही थी। दोपहर करीब दो बजे कार्ड पंच कर फैक्ट्री से बाहर निकलने के बाद वह अन्य कर्मचारियों के साथ बस की ओर जा रही थी। तभी अचानक उसे चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रिमझिम कुछ देर तक सड़क पर तड़पती रही। साथी महिला कर्मचारियों ने किसी तरह उसे संभाला और कंपनी वाहन से तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कंपनी कर्मचारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि फैक्ट्री में लंबे समय तक लगातार खड़े होकर काम करना पड़ता है। कई बार थकान और कमजोरी के बावजूद कर्मचारियों पर काम का दबाव बना रहता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन युवती की अचानक मौत ने श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तराखंड में बेरोजगारी इस कदर बढ़ चुकी है कि युवा मजबूरी में कठिन परिस्थितियों में भी निजी कंपनियों में काम करने को विवश हैं। कम वेतन, लंबी ड्यूटी और शारीरिक दबाव के बीच काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कंपनी के एचआर हेड सुभाष तिवारी के अनुसार रिमझिम फरवरी माह में ही कंपनी में नियुक्त हुई थी। परिवार में एक भाई और तीन बहनें हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page