नैनीताल/हल्द्वानी: नए शैक्षिक सत्र में छात्रों को मुफ्त मिलेंगी नोटबुक, शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

हल्द्वानी 13 अप्रैल नए शैक्षिक सत्र 2026-27 में सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों के साथ-साथ नोटबुक भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय छात्रों को आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने और उनकी पढ़ाई को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार कक्षावार नोटबुक का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके तहत कक्षा 1 से 2 तक के प्रत्येक छात्र को 2 नोटबुक, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को 3 नोटबुक और कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को 5 नोटबुक प्रदान की जाएंगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस पहल से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्हें अब अध्ययन सामग्री की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि इस व्यवस्था से विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति में वृद्धि होगी, साथ ही शिक्षण-सीखने की प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी। शिक्षा विभाग का यह कदम छात्रों के भविष्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page