राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था हेतु जनपद में सघन चेकिंग अभियान जारी


दिनांक 08.08.2026 को राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के जनपद नैनीताल भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य एवं सुदृढ़ बनाए रखने हेतु डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में जनपद पुलिस पूर्णतः अलर्ट मोड पर कार्य कर रही है।
इसी क्रम में डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल, के नेतृत्व में श्री मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी तथा के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थलों एवं प्रवेश मार्गों पर प्रातः 07:00 बजे से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत चिन्हित चेकिंग स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की सघन चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के दौरान वाहनों में रखे सामान की गहन तलाशी ली जा रही है तथा प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी प्रभारी अधिकारियों को चेकिंग अभियान पूरी सतर्कता, गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, होटल, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस द्वारा लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
नैनीताल पुलिस आमजन से अपील करती है कि सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा वस्तु की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। जनपद में शांति, कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखना नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







