स्वतंत्रता दिवस एवं रविवार अवकाश के दृष्टिगत कैंची धाम/भवाली/भीमताल क्षेत्र के लिए यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए 15 एवं 16 अगस्त को प्रभावी रहेगी यातायात व्यवस्था


जनपद नैनीताल में दिनांक 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को स्वतंत्रता दिवस तथा दिनांक 16 अगस्त 2026 (रविवार) को अवकाश के दृष्टिगत कैंची धाम/भवाली/भीमताल क्षेत्र में श्री कैंची धाम के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के अत्यधिक आगमन की संभावना को देखते हुए सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात शाखा भवाली/भीमताल, जनपद नैनीताल द्वारा यातायात एवं डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।
यह यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 20:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था
1. कैंची/भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में यातायात के अतिरिक्त दबाव को कम करने के लिए अल्मोड़ा/रानीखेत की ओर से हल्द्वानी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब एवं खैरना से डायवर्ट कर वाया रामगढ़/मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा।
2. हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन अपने निर्धारित रूट से जा सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के दृष्टिगत समय-समय पर मस्जिद तिराहा भवाली से पीछे रोका जाएगा अथवा रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
3. बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आने वाले पर्यटक, जो अपने निजी वाहनों से वाया भीमताल कैंची धाम मंदिर जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली/कैंची धाम मंदिर दर्शन हेतु भेजा जाएगा।
4. बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आने वाले पर्यटक, जो अपने निजी वाहनों से वाया गेठिया/नैनीताल होते हुए कैंची धाम मंदिर जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। सैनेटोरियम पार्किंग से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर दर्शन हेतु भेजा जाएगा।
5. हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
6. पर्वतीय क्षेत्रों की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
7. वीकेंड के दौरान टैक्सी एवं दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस द्वारा समस्त पर्यटकों, श्रद्धालुओं, आमजनमानस, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की गई है कि स्वतंत्रता दिवस एवं रविवार अवकाश के दौरान कैंची धाम/भवाली/भीमताल क्षेत्र में संभावित यातायात दबाव को देखते हुए निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन प्लान का पालन करते हुए ही अपनी यात्रा करें।
यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
*मीडिया सेल*
*नैनीताल पुलिस*






