मानसून को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने दिए सख्त निर्देश

जनपद नैनीताल में मानसून के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारियों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं बीपीएमयू के साथ समीक्षा बैठक कर सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
बैठक में डॉ. रश्मि पंत ने मानसून के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून अवधि में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य इकाइयों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सभी विकासखंडों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं, विशेष रूप से हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) वाली महिलाओं की समयबद्ध लाइन लिस्टिंग की जाए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों अथवा निकटतम स्वास्थ्य संस्थान तक समय रहते पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखी जाए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न हों।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन सहित सभी कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक गर्भवती महिला का प्रथम तिमाही में अनिवार्य पंजीकरण, समय पर आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) एवं कैल्शियम की उपलब्धता तथा गर्भावस्था की सभी आवश्यक जांचें सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मातृ स्वास्थ्य से संबंधित समस्त आंकड़ों को एचएमआईएस (HMIS) पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से दर्ज करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। डॉ. पंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्षित लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अभिभावकों एवं आमजन के बीच टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने और विभागीय टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने दोहराया कि स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमोद पंत, डॉ. अजय शर्मा, डॉ. संजीव खर्कवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बीपीएमयू एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page