हल्द्वानी में 24 घंटे के नेशनल हैकथॉन ‘वॉच द कोड’ का भव्य आगाज़, एरीज निदेशक डॉ. मनीष नाजा रहे मुख्य अतिथि

हल्द्वानी, 18 अप्रैल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU), हल्द्वानी परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय स्तर के 24 घंटे के हैकथॉन ‘वॉच द कोड’ का भव्य शुभारंभ हुआ। परिसर के टेक गीक क्लब की ओर से आयोजित इस तकनीकी महाकुंभ में देशभर से आए युवा प्रतिभागी अपनी कोडिंग और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।


कार्यक्रम का उद्घाटन एरीज (ARIES) के निदेशक डॉ. मनीष नाजा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि एरीज के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मोहित जोशी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने युवाओं को तकनीक और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मनीष नाजा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में डेटा और कोडिंग नवाचार की आधारशिला बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाते हैं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करते हैं, जिससे वे जटिल समस्याओं के समाधान खोज सकें। उन्होंने विश्वविद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि डॉ. मोहित जोशी ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एरीज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के वैज्ञानिकों की उपस्थिति छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को उद्योग और शोध जगत से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य के सशक्त सॉफ्टवेयर लीडर बन सकें।
देशभर से पहुंचे प्रतिभागी
हैकथॉन में देश के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और संस्थानों के छात्र भाग ले रहे हैं। अगले 24 घंटे तक प्रतिभागी लगातार कोडिंग कर विभिन्न समस्याओं के समाधान विकसित करेंगे। परिसर में तकनीकी ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।
विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए विजेताओं के लिए एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को एडवांस्ड कोर्स सब्सक्रिप्शन और फ्री डोमेन होस्टिंग जैसे शैक्षणिक व तकनीकी लाभ भी दिए जाएंगे।
विशेषज्ञ करेंगे मूल्यांकन
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए उद्योग जगत के विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है। इनमें टीसीएस के डेटा इंजीनियर अविक अगरवाला, फुल स्टैक एआई एवं क्लाउड इंजीनियर देवेश तुलस्यान और सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय चंदोला शामिल हैं।
वहीं, विभा चंदोला, अंकुल कुमार, प्रियांशु कुमार, मयंक कुमार, मनीष चंद्र पनेरू और लक्ष्यजीत जलाल मेंटर के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन फैकल्टी समन्वयक डॉ. मनीषा कोरंगा और कमलेश पलड़िया कर रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में छात्र प्रबंधकों शुभम लोशाली, अनिकेत जैन, नितिन और करणप्रीत की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हैकथॉन का समापन 19 अप्रैल को होगा, जहां विजेताओं की घोषणा की जाएगी।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page