पार्षद प्रीति आर्या व युवा नेता हेमंत साहू के प्रयास रंग लाए, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 86 मरीजों की हुई जांच

वार्ड-12 स्थित पार्षद कार्यालय में आयोजित शिविर में टाइफाइड, शुगर, बीपी समेत कई महत्वपूर्ण जांचें की गईं

वार्ड संख्या-12 में रविवार को जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की मिसाल पेश करते हुए एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। पार्षद श्रीमती प्रीति आर्या एवं युवा नेता हेमंत साहू के अथक प्रयासों से आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में करीब 86 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
वार्ड स्थित पार्षद कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को उनके घर के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और विभिन्न बीमारियों की समय रहते पहचान कर उचित उपचार के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान मरीजों की टाइफाइड जांच, केएफटी (किडनी फंक्शन टेस्ट), एलएफटी (लिवर फंक्शन टेस्ट), रक्तचाप (बीपी) तथा शुगर सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं। जांच के उपरांत मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए और आवश्यकता अनुसार नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। अर्बन हेल्थ सेंटर के कर्मचारियों के विशेष सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। इस दौरान डॉ. नरेश ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं फार्मासिस्ट कोमल, एएनएम कविता निधि एवं पीएचएम अनील जोशी ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करते हुए शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी जीत सिंह, रामजी लाल गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पार्षद प्रीति आर्या एवं युवा नेता हेमंत साहू द्वारा किए गए इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, जिससे आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
पार्षद प्रीति आर्या ने कहा कि क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। वहीं युवा नेता हेमंत साहू ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है।



