हल्द्वानी में मॉडिफाइड वाहनों पर तीन दिन चलेगा शिकंजा, ब्लैक फिल्म-हूटर और रेट्रो साइलेंसर पर सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर क्षेत्रीय परिवहन विभाग (आरटीओ) हल्द्वानी ने तीन दिवसीय विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह के नेतृत्व में यह अभियान 4 से 6 अगस्त 2026 तक पूरे हल्द्वानी सम्भाग में संचालित किया जाएगा।
आरटीओ ने हल्द्वानी सम्भाग के सभी सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारियों (प्रवर्तन) तथा इंटरसेप्टर एवं टास्क फोर्स प्रभारियों को अभियान के दौरान नियमों के विपरीत मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार क्षेत्र में कई एसयूवी, विशेषकर महिंद्रा थार सहित अन्य वाहनों में ब्लैक फिल्म, हाई-इंटेंसिटी एलईडी एवं लेजर लाइटें, मॉडिफाइड (रेट्रो) साइलेंसर और अवैध हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने के साथ ध्वनि प्रदूषण और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अभियान के दौरान ऐसे सभी वाहनों को चिन्हित कर मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालान किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, अतिरिक्त लाइटें और मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही हटाए जाएंगे।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान समाप्त होने के बाद सभी प्रवर्तन अधिकारियों को किए गए चालानों तथा हटाई गई ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर का विस्तृत प्रतिवेदन भी विभाग को उपलब्ध कराना होगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page