बाल संरक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर अभिभावकों से संवाद, एवरग्रीन स्कूल में आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने किया जागरूक

हल्द्वानी बेरीपड़ाव, 24 जुलाई। एवरग्रीन सीनियर सेकेंड्री स्कूल, बेरीपड़ाव में शुक्रवार को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारियों की सहभागिता से बाल संरक्षण एवं बच्चों के अधिकारों पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। गोष्ठी को संबोधित करते हुए आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बाल अधिकार संरक्षण आयोग की भूमिका, बच्चों के अधिकारों तथा उनके संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास में परिवार और विद्यालय की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपने पाल्यों की शिक्षा, व्यवहार और भविष्य को लेकर विद्यालय के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करने का आह्वान किया।
गोष्ठी में खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का निसंकोच उपयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती देवकी आर्य, समिति सदस्य सुश्री किरण पंत एवं श्रीमती विनीता पाठक ने भी बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा एवं बच्चों के अधिकारों से संबंधित विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। परिवहन विभाग से आरआई सहित अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका कु. मीनाक्षी भट्ट ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक गौरव पाठक, मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ पाठक, प्रधानाचार्य मोहन सिंह परवाल, स्कूल प्रबंधन समिति की सदस्य श्रीमती कमला जोशी, इन्द्रा एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती संतोष पांडेय, सेमफोर्ड सीनियर सेकेंड्री स्कूल, जयपुर बीसा की प्रधानाचार्या सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
गोष्ठी के अंत में बाल संरक्षण, सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page