एसएसपी कार्यालय में हंगामे के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की मांग
रामलीला मैदान की सभा को लेकर गरमाई सियासत, भाजपा ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन


हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई जनसभा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कांग्रेस नेताओं की ओर से कथित अभद्रता और हंगामे के विरोध में भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। भाजपा ने मामले में दोषी कांग्रेस नेताओं को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जनसभा में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटने से पार्टी नेता हताश हो गए। उन्होंने कहा कि अपनी राजनीतिक नाकामी छिपाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर वाहनों को रोके जाने का आरोप लगाया और इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। बिष्ट के अनुसार, कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी कार्यालय में प्रवेश कर हंगामा किया, जो सरकारी कार्यालय की मर्यादा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।
‘संवैधानिक संस्थाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं’
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यूपीएससी के माध्यम से चयनित वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के प्रति कथित तौर पर अशोभनीय भाषा का प्रयोग कांग्रेस के नैतिक पतन को दर्शाता है। आरोप लगाया कि कांग्रेस को पहले से ही अपनी सभा में भीड़ कम रहने का अंदेशा था, इसलिए जानबूझकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के लिए छोटा मैदान चुना गया। मैदान नहीं भरने की स्थिति में बौखलाहट के कारण सरकारी कार्यालय में हंगामा किया गया।
सनातन विरोधी नारे लगाने का भी लगाया आरोप
पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी के प्राचीन रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की सभा के दौरान सनातन विरोधी नारे लगाए गए। उन्होंने इसे कांग्रेस की सांप्रदायिक सोच का परिचायक बताते हुए निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले नारों से बचना चाहिए।
‘मां गंगा का अपमान समाज नहीं सहेगा’
उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में कांग्रेस के मंच से मां गंगा के संबंध में कथित अपमानजनक टिप्पणी की गई, जिसे सनातन समाज स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों का जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में देगी।
दोषी नेताओं को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि सरकारी कार्यालय की मर्यादा भंग करने, अधिकारियों के साथ कथित अभद्रता करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वाले कांग्रेस नेताओं को चिह्नित किया जाए। भाजपा ने पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हुकुम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, देवेंद्र ढैला, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रदीप जनोटी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेगी, जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली और विनीत अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, जिला मंत्री प्रताप रैकवाल, रुक्मणी बचखेती, जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा, हल्द्वानी मंडल अध्यक्ष मधुकर श्रोत्रिय, पान सिंह मेवाड़ी, जिला प्रकोष्ठ संयोजक गणेश पंत, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रविंद्र बाली समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





