भाजपा प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने किया नामांकन

हल्द्वानी काठगोदाम नगर निगम मेयर पद के लिए आज भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने नामांकन दाखिल किया। जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, सांसद अजय भट्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला और मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू सहित कई वरिष्ठ नेताओं और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में यह आयोजन हुआ। एमबी इंटर कॉलेज से एसडीएम कोर्ट तक जुलूस के रूप में पहुंचे कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। नामांकन से पहले, गजराज सिंह बिष्ट ने अपने परिवार के साथ कालू सिद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना कर विजय की कामना की। इसके बाद, उन्होंने कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के आवास पर जाकर उनसे चुनावी समर्थन का आग्रह किया। इसके अलावा, उन्होंने भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट और पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट से भी मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। भाजपा प्रत्याशी ने मेयर पद की दौड़ में शामिल रहे प्रमोद तोलिया, जोगेंद्र रौतेला और महेंद्र अधिकारी से भी मुलाकात कर संगठनात्मक सहयोग सुनिश्चित किया।
इस मौके पर नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा लगातार तीसरी बार हल्द्वानी नगर निगम मेयर सीट पर जीत दर्ज करेगी। कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने गजराज सिंह को युवा और ऊर्जावान प्रत्याशी बताते हुए उनकी जीत का विश्वास जताया। जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि भाजपा की मजबूत चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत से गजराज सिंह की जीत सुनिश्चित है। गजराज सिंह बिष्ट ने अपनी उम्मीदवारी के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह हल्द्वानी नगर निगम को प्रदेश का सबसे स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर निगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी के विश्वास पर खरा उतरेंगे। नामांकन के दौरान भाजपा के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट,  आदि शामिल थे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page