झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ
सांसद अजय भट्ट और मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया डामरीकरण कार्य का शुभारंभ, करीब चार करोड़ रुपये की लागत से होगा मार्ग का सुधारीकरण

धारी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी विकासखंड के अंतर्गत पोखराड़ क्षेत्र में झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। नैनीताल सांसद अजय भट्ट और प्रदेश सरकार में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत प्रस्तावित कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र के विकास के लिए मंत्री राम सिंह कैड़ा द्वारा भेजे जा रहे प्रस्तावों को केंद्र सरकार से स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र स्तर से भी आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ और खराब सतह के कारण ग्रामीणों, विशेषकर किसानों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए उन्होंने मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा था।
उन्होंने बताया कि मार्ग के सुधारीकरण के लिए करीब चार करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है और अब कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण एवं डामरीकरण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी। इससे क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने सड़क कार्य के लिए मुख्यमंत्री और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश सरकार में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, भावना मेहरा, शांति मेहरा, धारी मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला मंत्री कुंदन सिंह चिलवाल, प्रकाश चंद्र नानू, हीरेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पवन डंगवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







