कालाढूंगी की बेटियों ने जाना करियर का ‘रोडमैप’, 87 छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर विदेश रोजगार तक मिली मार्गदर्शन की उड़ान

कालाढूंगी, 23 सितम्बर 2026।
इंटरमीडिएट के बाद क्या करें, किस क्षेत्र में बेहतर अवसर हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कैसे शुरू की जाए—इन सवालों का जवाब तलाशने के लिए पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कालाढूंगी में एक दिवसीय कैरियर काउन्सिलिंग एवं गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं की 87 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया ने छात्राओं को रोजगार एवं कैरियर से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, रोजगार प्रयाग पोर्टल और नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध अवसरों और सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि आज छात्राओं के सामने पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ अनेक नए कैरियर विकल्प भी उपलब्ध हैं। इंटरमीडिएट के बाद अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुरूप सही क्षेत्र का चयन कर छात्राएं आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की ठोस रणनीति बना सकती हैं।
CLAT से NEET और JEE तक, प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जानकारी
काउन्सिलिंग सत्र के दौरान छात्राओं को CLAT, NEET, JEE, अग्निवीर, NDA, होटल मैनेजमेंट, पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा और CUET सहित विभिन्न प्रवेश एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उपलब्ध अवसरों और उनकी तैयारी के तरीकों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को केवल रोजगार की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें समय रहते अपने कैरियर लक्ष्य निर्धारित करने और उसके लिए आवश्यक तैयारी की दिशा समझाना भी रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या हीरा मर्तोलिया, आईटीआई फोरमैन गौरव तथा नगर सेवायोजन कार्यालय हल्द्वानी के अन्वेषक-कम-संगणक खजान पाठक उपस्थित रहे।







