नंदा-सुनंदा महोत्सव की सफल व्यवस्थाओं पर श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति और व्यापार मंडल ने नैनीताल पुलिस को किया सम्मानित

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल नेतृत्व में माँ नंदा-सुनंदा पावन पर्व एवं महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने पर श्री राम सेवक सभा नैनीताल, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल ने नैनीताल पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था के लिए प्रभावी इंतजाम किए गए। ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगातार फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

आयोजन के दौरान परिजनों से बिछड़े बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिवारजनों से मिलाने के साथ ही श्रद्धालुओं के गुम हुए मोबाइल फोन, पर्स, नगदी, चाबी, बैग और अन्य सामान की तलाश कर सत्यापन के बाद संबंधित स्वामियों को वापस किया गया। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय पहल से मेले में आए श्रद्धालुओं को काफी सहायता मिली।

श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने नैनीताल पुलिस की सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रिय भूमिका से महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ।

सम्मान समारोह में श्री राम सेवक सभा की ओर से अध्यक्ष मनोज शाह, उपाध्यक्ष अशोक शाह, महासचिव जगदीश बलवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष विनय चौधरी, पूर्व महासचिव देवेंद्र लाल शाह, सदस्य एडवोकेट मनोज शाह, सदस्य प्रो. ललित तिवाड़ी, सदस्य हरीश राणा, सदस्य मोहित लाल साह, सदस्य कैलाश जोशी, सदस्य संदीप साह, कार्यकर्ता वीरेन्द्र मेहरा और कार्यकर्ता आनन्द बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत सहित ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल और क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी ने माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन में निरंतर सहयोग के लिए श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति, व्यापार मंडल, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के आपसी समन्वय, सहयोग और सकारात्मक सहभागिता से महोत्सव के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page