बड़ी खबर : नाले में मिला जिंदा नवजात, मुंह में ठूंसा था रबर; ग्रामीणों की सतर्कता से बची मासूम की जान


चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में आम रास्ते के किनारे स्थित एक नाले से गुरुवार सुबह एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि नवजात के मुंह में बोतल के निप्पल को बांधने वाला रबर ठूंसा हुआ था। ग्रामीणों की सूझबूझ और समय रहते किए गए प्रयासों से मासूम की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव की एक महिला गोशाला की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर रास्ते के किनारे स्थित नाले में पड़े नवजात पर पड़ी। पहले तो महिला घबरा गई, लेकिन उसने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे।
ग्राम प्रधान ने बताया कि जब उन्होंने नवजात को उठाया तो उसके मुंह में बोतल के निप्पल को बांधने वाला रबर फंसा हुआ था। उन्होंने सावधानीपूर्वक रबर बाहर निकाला, जिसके बाद नवजात की सांसें चलती हुई मिलीं। इसके बाद तत्काल स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद नवजात को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार समय पर ग्रामीणों द्वारा की गई मदद से नवजात की जान बच सकी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि नवजात को इस तरह नाले में फेंकना और उसके मुंह में रबर ठूंस देना बेहद अमानवीय कृत्य है। ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।






