पेंट कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर बनाया अश्लील वीडियो, तमंचा दिखाकर वसूले पांच लाख

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 10 लाख रुपये, पीड़ित की तहरीर पर दो महिलाओं समेत चार के खिलाफ केस

काशीपुर। एक पेंट कारोबारी को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाने और तमंचा दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कारोबारी से करीब पांच लाख रुपये वसूल लिए गए। रकम देने के बाद भी आरोपी उससे लगातार और पैसे की मांग करते रहे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेंट खरीदने के बहाने लिया मोबाइल नंबर
बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र निवासी पेंट कारोबारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जून को पिंकी उर्फ परमजीत कौर अपने कुछ साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंची थी। महिला ने पेंट खरीदने के बहाने उसका मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
आरोप है कि बाद में महिला ने एक अन्य महिला रविंदर कौर के माध्यम से कारोबारी को 22 जून को कुंडेश्वरी बुलाया। कारोबारी के मुताबिक, वहां पहुंचने के बाद उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया।
होश आया तो निर्वस्त्र था, बना लिया था वीडियो
पीड़ित का आरोप है कि जब उसे होश आया तो उसने खुद को निर्वस्त्र पाया। आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। इसी दौरान दो पुरुष और एक महिला वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर वीडियो वायरल करने की धमकी दी और इसके एवज में 10 लाख रुपये की मांग की।
वीडियो सार्वजनिक होने के डर से कारोबारी ने आरोपियों को ऑनलाइन चार बार 25-25 हजार रुपये दिए। इसके बाद 23 जून को कुंडा मोड़ के पास चार लाख रुपये और देने का आरोप है। इस तरह कारोबारी के अनुसार आरोपियों को कुल पांच लाख रुपये दिए गए।
रकम देने के बाद भी जारी रही मांग
पीड़ित का कहना है कि पांच लाख रुपये देने के बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उससे और रकम की मांग करते रहे। इससे परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत की। कारोबारी ने पुलिस को रुपये के लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड और बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है।
साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ऑडियो रिकॉर्डिंग, रुपये के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर आरोपों की पुष्टि और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page