उत्तराखंड में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट; पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के बाद प्रदेश के सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। 14 से 17 अगस्त तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश, भूस्खलन, सड़क अवरोध और जलभराव जैसी घटनाओं का खतरा बना रहेगा।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने मौसम की चेतावनी को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है।

वहीं चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस के दिन यानी 15 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बिजली चमकने की संभावना है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही आकाशीय बिजली और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है।

देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा। कई अन्य क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।

17 अगस्त को देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

प्रदेश के शेष जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश का अनुमान है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों तथा आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क बंद होने, जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें : सुमन

सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य लें। अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन एवं चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से परहेज करें।

उन्होंने नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि भारी बारिश या अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें। सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें।

आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है। उफनती नदियों, धाराओं और नालों में तैरने या नौका विहार से भी बचने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों एवं निर्देशों का पालन करें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page