ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह से सराबोर माहौल में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने राष्ट्र की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए योगदान देने का संकल्प लिया।
समारोह का शुभारंभ परिसर के निदेशक प्रो. (डॉ.) एमसी लोहनी ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर उपस्थित संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रो. लोहनी ने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण इतिहास और आजाद भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत और विकसित बनाने में युवा पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को नवाचार, अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।


एनसीसी कैडेट्स की शानदार परेड ने बांधा समां
ध्वजारोहण के बाद एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य परेड प्रस्तुत की। कैडेट्स के कदमताल और अनुशासन ने समारोह में मौजूद लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया। परेड के दौरान परिसर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विश्वविद्यालय के बैंड दल ने देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। वहीं विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत विचारोत्तेजक माइम और स्किट के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
शास्त्रीय नृत्य ने मोहा मन
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।


समारोह में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में देश के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत किया।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page