मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य, लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिशासी अभियंताओं, जनपद स्तरीय अधिकारियों को जारी किए निर्देश, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश।

हल्द्वानी, 14 नवम्बर 2026 जनपद में आयोजित होने वाले माननीय मुख्यमंत्री, मंत्रीगणों आदि के कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने सभी अधिशासी अभियंताओं, जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनपद में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री एवं मंत्रिगण के कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारियों एवं उनकी टीम की अनुपस्थिति के कारण आम जनता द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण नहीं हो पाता है। इससे न केवल जनसामान्य को परेशानी का सामना करना पड़ता है, बल्कि माननीय मुख्यमंत्री एवं मंत्रिगण द्वारा भी इस स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया जाता है।

उन्होंने निर्देशित किया है कि भविष्य में जनपद में आयोजित होने वाले माननीय मुख्यमंत्री, मंत्रीगणों आदि के कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारी स्वयं तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रमों के दौरान आम जनता द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी कार्यक्रम में अनुपस्थिति अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं पूर्णतः उत्तरदायी होंगे।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page