जन्मदिन पर जनसेवा की मिसाल, 35 लोगों ने किया रक्तदान
ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तदान को लेकर दिखा उत्साह, विधायक तिलक राज बेहड़ और दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता समेत शहर के गणमान्य लोगों ने दीपक पांडे को दी जन्मदिन की बधाई


किच्छा/रुद्रपुर। समाज सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से नवगठित ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मेट्रोपोलिस मॉल में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। वहीं 35 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।
शिविर की खास बात यह रही कि फाउंडेशन के संस्थापक एवं आयोजक दीपक पांडे ने अपना जन्मदिन किसी भव्य समारोह के बजाय जनसेवा को समर्पित किया। कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और समाजसेवा के इस प्रयास की सराहना की।
तिलक राज बेहड़ ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में पहुंचे पांच बार के विधायक एवं वर्तमान किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के प्रयास की सराहना की। उन्होंने दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जन्मदिन को समाजसेवा के रूप में मनाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। उन्होंने फाउंडेशन को भविष्य के सामाजिक कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
उत्तम दत्ता ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने भी शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं और सहायता पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने फाउंडेशन को आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर वह हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।
विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
शिविर में कात्यायनी मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल और शहीद उधम सिंह मेमोरियल ब्लड सेंटर का विशेष सहयोग रहा। शिविर में एलोपैथी के साथ विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने लोगों को परामर्श दिया।
होम्योपैथी के क्षेत्र में कैलाश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. पीयूष फुलारा ने लोगों को होम्योपैथिक उपचार एवं दवाओं की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। दंत चिकित्सा के तहत देवकी डेंटल क्लिनिक के डॉ. नितिन त्रिपाठी ने लोगों के दांतों की जांच कर उन्हें दांतों की उचित देखभाल के तरीके बताए। न्यूरो थेरेपी में वरिष्ठ न्यूरो थेरेपिस्ट प्रमोद राजपूत ने मरीजों को मौके पर ही थेरेपी प्रदान की।
आयुर्वेद विशेषज्ञ अजय जैन ने लोगों को आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी।
वहीं महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं देवभूमि अंगदान केंद्र की ओर से एसके मित्तल ने लोगों को अंगदान के महत्व और इसके माध्यम से दूसरों का जीवन बचाने की जानकारी दी।
35 रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
शिविर में कुल 35 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। मेट्रोपोलिस मॉल के मैनेजर देवीलाल, कात्यायनी मेडिकल सेंटर के डॉ. जसविंदर गिल, समाजसेविका नंदी चंदोला, ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे और आयोजक दीपक पांडे ने रक्तदाताओं को सम्मानित किया।
कात्यायनी मेडिकल सेंटर के डायरेक्टर, वरिष्ठ लैप्रोस्कोपिक सर्जन एवं प्रोक्टोलॉजिस्ट डॉ. जसविंदर गिल ने दीपक पांडे को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि युवाओं में देशप्रेम और समाजसेवा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर दीपक पांडे ने सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने भविष्य में भी ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के साथ मिलकर स्वास्थ्य और जीवनरक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
जरूरतमंदों को भोजन बांटकर मनाया जन्मदिन
ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे ने कहा कि कम समय में शिविर की रूपरेखा तैयार की गई थी, लेकिन शहर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजन सफल हो सका।
उन्होंने रावल एजेंसी के संचालक हर्ष रावल, एडवांस टेंट के संचालक सुधीर अरोड़ा और सीएडी इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्किल के संचालक मयंक श्रीवास्तव का विशेष आभार जताया।
उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य समाज के अंतिम छोर तक जरूरतमंद लोगों की मदद पहुंचाना है। इसके लिए संस्था के सदस्य अपने दैनिक जीवन से थोड़ा समय निकालकर सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएंगे।
शिविर के बाद फाउंडेशन की टीम ने गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया। इस तरह दीपक पांडे ने अपने जन्मदिन को सादगी और सेवा भावना के साथ मनाकर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
फिल्म जगत से भी पहुंचे अनुग्रह अग्निहोत्री
कार्यक्रम में फिल्म जगत के डायरेक्टर, राइटर और अभिनेता अनुग्रह अग्निहोत्री ने पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाई और दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
शहर की कई सामाजिक संस्थाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंदर सिंह चुग, जिंदगी जिंदाबाद संस्था के सदस्य तथा जीवन ज्योति वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष अलका अरोड़ा और भरत मेहरा समेत अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिविर में पहुंचकर फाउंडेशन का उत्साह बढ़ाया।
स्वयंसेवकों की मेहनत से सफल हुआ आयोजन
मेट्रोपोलिस मॉल जैसे बड़े परिसर में पूरे दिन चले आयोजन को व्यवस्थित और सुचारु बनाने में फाउंडेशन की कोर टीम एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोषाध्यक्ष हरीश पांडे, सुमित पांडे, हेम पांडे, प्रज्वल पांडे, निखिल पांडे, यश पांडे, मयंक श्रीवास्तव, दीपशिखा फुलारा, प्रभात फुलारा, परिधि पांडे, जफर और सोहेल समेत अन्य युवाओं ने व्यवस्थाओं को संभाला।
जन्मदिन के मौके पर रक्तदान, स्वास्थ्य जांच और जरूरतमंदों को भोजन वितरण के जरिए ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने जनसेवा का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह स्वास्थ्य, रक्तदान और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यक्रमों को लगातार आगे बढ़ाएगी।






