कालाढूंगी को मुख्यमंत्री धामी की छह बड़ी सौगातें, अस्पताल का होगा उच्चीकरण; मिनी स्टेडियम निर्माण को भी मिली मंजूरी

नारी शक्ति सम्मान समारोह में 22 महिलाओं का सम्मान, पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट में 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा

कालाढूंगी, 15 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में क्षेत्र के विकास को लेकर छह महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए स्थानीय जनता को विकास की नई उम्मीद दी। मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी अस्पताल के उच्चीकरण, मिनी स्टेडियम निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण और नवनिर्माण सहित क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पर्यटन सत्र 2026-27 में 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण का ऐलान किया।

राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 22 महिलाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों, सामाजिक योगदान, खेल प्रतिभा और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कालाढूंगी को मिलीं छह विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए जिन घोषणाओं का ऐलान किया, उनमें प्रमुख रूप से—

1. कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोलों की स्थापना।
2. ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण।
3. कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण।
4. गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण।
5. कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण।
6. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान महिलाओं को रोजगार देने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क, स्वास्थ्य, खेल एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

नारी शक्ति के सम्मान के बिना विकास अधूरा : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उस साहस, संघर्ष और सामर्थ्य को नमन करने का अवसर है, जिसके बल पर उत्तराखंड की मातृशक्ति ने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने संस्कृत के श्लोक ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर, निर्णय लेने का अधिकार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले। जब नारी सशक्त होगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।

मुख्यमंत्री ने अपनी माता और पहाड़ की महिलाओं के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ की माताएं सुबह सूर्योदय से पहले ही परिवार, खेत, पशुधन और घर की जिम्मेदारियों में जुट जाती हैं। उनका परिश्रम और त्याग उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनकी माता ने सीमित संसाधनों में जिस तरह परिवार को संभाला और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, वही उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।

5 लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। प्रदेश में लगभग 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से लगभग 5,500 महिलाएं सीधे जुड़ी हैं और ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एक दिसंबर को 5.20 लाख बहनों के खातों में दो किस्तों में धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।

महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में उत्तराखंड की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका देश के भविष्य को नई दिशा देगी।

उन्होंने नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र बेटियों को जन्म के समय 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी बोले मुख्यमंत्री

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख पूरे प्रदेश का दुख है। उन्होंने दावा किया कि मामले में न्यायालय द्वारा दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है और पीड़ित परिवार की मांग के अनुरूप राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की संस्तुति भी की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

खेल, स्वरोजगार और सामाजिक क्षेत्र की 22 महिलाओं का सम्मान

समारोह में खेल, शिक्षा, कृषि, उद्यान, उद्योग, वन एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी, तैराक, एथलीट, कुश्ती और खो-खो की खिलाड़ी, शिक्षिका तथा स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं शामिल रहीं।

सम्मानित महिलाओं में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, ममता गुप्ता, गीतांजलि, हिना बिष्ट, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट, भूमिका जंतवाल, दमयंती बिष्ट, पदमा बोहरा, कंचन भंडारी, मंजू रौतेला, सावित्री गर्जोला, शिवानी रावत, तनुजा खानायत, पूजा और रूपा सहित अन्य प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी तथा मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page